खेलोत्सव का शुभारंभ एसबीआई बैंक की पथरी बाग शाखा के मैनेजर हिमांशु रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
क्रिकेट फाइनल में नर्सिंग को 15 रन से हराया
बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने स्कूल ऑफ नर्सिंग के सामने 50 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नर्सिंग की टीम निर्धारित मुकाबले में छह विकेट के नुकसान पर 35 रन ही बना सकी। इस तरह स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने 15 रनों से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया। टीम की भावना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बास्केटबॉल में भी मैनेजमेंट का शानदार प्रदर्शन
बास्केटबॉल प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने बेहद रोमांचक मुकाबले में स्कूल ऑफ नर्सिंग को 10-9 से हराकर खिताब जीता। वहीं, बालक वर्ग के फाइनल में भी मैनेजमेंट की टीम ने अपना दबदबा कायम रखा। टीम ने स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को कड़े मुकाबले में 16-15 से शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की।
वॉलीबॉल में नर्सिंग और पैरामेडिकल की टीमों ने मारी बाजी
वॉलीबॉल के बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ नर्सिंग ने स्कूल ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंसेज को 15-14 और 15-3 से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं, बालक वर्ग के फाइनल में स्कूल ऑफ पैरामेडिकल एंड एलाइड हेल्थ केयर और स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इसमें पैरामेडिकल की टीम ने शानदार वापसी करते हुए 18-21, 21-18 और 15-7 से जीत हासिल कर खिताबी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इस अवसर पर खेलोत्सव-2026 के चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी और सचिव एसपी जोशी सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।














