देहरादून: अंकिता हत्याकांड से जुड़े एक कथित वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में फिर से भूचाल आ गया है। वीडियो में सामने आए वीआईपी नाम को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी ने सीबीआई जांच और कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने की मांग को लेकर उत्तराखंड के सभी जिलों में प्रदर्शन तेज कर दिया है।
प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कई स्थानों पर पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। पार्टी का आरोप है कि सरकार प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होने दी जा रही।
कर्णप्रयाग में पूर्व सांसद का पुतला दहन
कर्णप्रयाग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में जुलूस निकालते हुए पूर्व सांसद का पुतला फूंका। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि वायरल वीडियो में जिस तरह वीआईपी की भूमिका की बात सामने आ रही है, वह बेहद गंभीर है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जाए।
रुद्रप्रयाग में सरकार पर आरोप, अपराधियों को बचाने का दावा
रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सरकार इस संवेदनशील मामले में आरोपियों को संरक्षण दे रही है। कांग्रेस ने पूर्व सांसद की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हत्याकांड में शामिल वीआईपी को फांसी जैसी सख्त सजा मिलनी चाहिए।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने कहा कि “अंकिता पहाड़ की बेटी थी। उसकी निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। जब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।”
श्रीनगर में भाजपा नेता का पुतला दहन
श्रीनगर के गोला पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता का पुतला दहन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ तीखी नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता हत्याकांड एक सुनियोजित आपराधिक मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब वीआईपी के नाम पर एक राष्ट्रीय नेता का चेहरा सामने आना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है।
कांग्रेस का ऐलान
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जब तक:
- सीबीआई जांच शुरू नहीं होती
- कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाता
- सभी दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलती
तब तक पार्टी प्रदेशभर में अपना आंदोलन जारी रखेगी।













