देहरादून,
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जनपद देहरादून के रायपुर क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में बाल अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं को लेकर एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला बाल संरक्षण इकाई देहरादून / जिला प्रोबेशन कार्यालय देहरादून, महिला कल्याण विभाग उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
यह जागरूकता कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज रायपुर, राजकीय माध्यमिक विद्यालय रायपुर एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों और महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
बाल संरक्षण कानूनों और योजनाओं पर दी गई जानकारी
जागरूकता शिविर में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015, पोक्सो अधिनियम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल विवाह प्रतिषेध, बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम, अनाथ प्रमाण पत्र, स्पॉन्सरशिप योजना, दत्तक ग्रहण विनियम 2022, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, विधवा पेंशन योजना सहित बच्चों की सुरक्षा से जुड़े गुड टच और बैड टच जैसे संवेदनशील विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बच्चों को किया जागरूक
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, संरक्षण अधिकारी सम्पूर्णा भट्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता कविता पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। वक्ताओं ने बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकार द्वारा उपलब्ध सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
230 विद्यार्थियों और स्टाफ ने लिया भाग
इस जागरूकता अभियान में तीनों विद्यालयों के लगभग 230 विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, सशक्त और जागरूक बनाना रहा, जिसे उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सराहा।









Discussion about this post