मंत्री भरत चौधरी ने स्पष्ट किया कि सरकार की कोशिश है कि चुनाव से पहले ही महिलाओं के खातों में प्रोत्साहन राशि पहुंच जाए। उन्होंने इस योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। उनके मुताबिक, यह योजना आगामी विधानसभा चुनाव में गेम चेंजर साबित हो सकती है।
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली दौरे के दौरान बैणी-भूली योजना की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की लगभग पांच लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात कही थी। अब ग्राम्य विकास मंत्री ने सहायता राशि 10 हजार रुपये होने और पहली किस्त दिसंबर में जारी किए जाने की जानकारी दी है।
स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को मिलेगा लाभ
सरकार के मुताबिक, इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। डेयरी व्यवसाय, फूड प्रोसेसिंग, सिलाई, बुनाई और कताई जैसे स्वरोजगार से जुड़े कामों में सक्रिय महिलाओं को इसके जरिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सरकार की योजना है कि महिलाएं आर्थिक सहायता का उपयोग अपने छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने और आमदनी बढ़ाने में कर सकें।
इसके साथ ही ग्राम्य विकास मंत्री ने जिला सहकारी बैंकों के माध्यम से ब्याज मुक्त ऋण देने के फैसले का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, व्यक्तिगत लाभार्थियों को एक लाख रुपये तक और स्वयं सहायता समूहों (SHG) को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
चुनाव से पहले घोषणा पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
बैणी-भूली योजना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव को देखते हुए महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद विकास से ज्यादा महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में करना है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने राज्य आंदोलन और राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके वोट को आर्थिक सहायता के जरिए प्रभावित नहीं किया जा सकता। उन्होंने भाजपा पर चुनाव से पहले पैसों के दम पर वोट हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
चुनावी माहौल में बैणी-भूली योजना पर नजर
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बैणी-भूली योजना अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है। एक ओर सरकार इसे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल बता रही है, वहीं विपक्ष इसे चुनावी लाभ लेने की कोशिश करार दे रहा है। ऐसे में योजना की पहली किस्त कब जारी होती है और पात्र महिलाओं तक इसका लाभ किस तरह पहुंचता है, इस पर सबकी नजर रहेगी।












