देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की VPDO परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने देहरादून में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई 10 सितंबर को ED के देहरादून सब-जोनल कार्यालय की टीम ने की।
जांच के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD और PA रहे चंदन सिंह जीना के आवास पर भी तलाशी ली गई। ED के अनुसार, तलाशी के दौरान यहां से करीब 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी, लगभग 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन तथा 12 लग्जरी घड़ियां बरामद हुई हैं।
ED की यह कार्रवाई UKSSSC की वर्ष 2016 की VPDO परीक्षा में कथित तौर पर हुई अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले के तहत की गई है। जांच का आधार देहरादून के विजिलेंस थाने में दर्ज FIR के साथ ही इससे संबंधित तीन अन्य FIR को बताया गया है।
जांच के दायरे में उस समय UKSSSC से जुड़े तत्कालीन अध्यक्ष-सचिव, परीक्षा नियंत्रक, OMR शीट की प्रोसेसिंग का काम करने वाली निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक और कथित बिचौलियों से जुड़े ठिकाने भी शामिल रहे।
ED के मुताबिक, वर्ष 2014 से 2017 के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD और PA के पद पर रहे चंदन सिंह जीना का आवास भी इसी जांच के तहत तलाशी के दायरे में आया।
VPDO परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं का मामला लंबे समय से जांच एजेंसियों के रडार पर रहा है। ED अब इस मामले में कथित अवैध धन के लेनदेन और उससे जुड़ी संपत्तियों की जांच कर रही है। तलाशी के दौरान बरामद नकदी, सोना और अन्य सामान की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा सकती है।











