राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 1 से 19 साल तक के बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजॉल, छूटे बच्चों के लिए 25 नवंबर को मॉपअप राउंड
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 6.57 लाख से अधिक बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के तहत 18 नवंबर को जिले के 1 से 19 वर्ष तक की आयु के बच्चों को एल्बेंडाजॉल की दवा खिलाई जाएगी। अभियान के दौरान जो बच्चे किसी कारणवश दवा लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 25 नवंबर को मॉपअप राउंड में दवा दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के तहत जनपद में कुल 6,57,234 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान को सफल बनाने के लिए सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों तथा संबंधित संस्थानों में व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान का प्रभावी संचालन करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा संबंधित संस्थानों में बच्चों को एल्बेंडाजॉल की दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को रैपिड रिस्पांस टीमों के माध्यम से अभियान की नियमित निगरानी करने और सभी विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद जरूरी है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा दवा लेने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विकासखंडों में तैनात स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।













