हिमालयी जड़ी-बूटियों से तैयार हो रहे साबुन
नंदिनी के साबुनों की खासियत इनमें इस्तेमाल होने वाली प्राकृतिक और पारंपरिक सामग्री है। उनकी उत्पाद श्रृंखला में बुरांश, सी-बकथॉर्न, केसुड़ा, नीम और एलोवेरा जैसे तत्वों से तैयार साबुन शामिल हैं। इसके अलावा मिक्स फ्रूट और गोट मिल्क यानी बकरी के दूध से बने साबुन भी तैयार किए जा रहे हैं।
साबुन बनाने के लिए कैस्टर ऑयल, नारियल तेल, शीया बटर और कोकोआ बटर जैसे घटकों का इस्तेमाल किया जाता है। इन्हें सैपोनिफिकेशन प्रक्रिया के जरिए साबुन का रूप दिया जाता है। इस तरह स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों और आधुनिक तकनीक को जोड़कर नंदिनी अपने उत्पादों को बाजार में उतार रही हैं।
प्लास्टिक छोड़ पत्तियों से हो रही पैकेजिंग
नंदिनी के स्टार्टअप की एक और खास बात इसकी पैकेजिंग है। बाजार में जहां अधिकतर उत्पाद प्लास्टिक की पैकिंग में बेचे जाते हैं, वहीं नंदिनी ने अपने साबुनों के लिए अलग तरीका अपनाया है। वह साबुनों को प्लांट लीव्स यानी पत्तियों में पैक करती हैं और जूट की रस्सी से बांधकर आकर्षक रूप देती हैं।
इस पहल से उनके उत्पादों को एक अलग पहचान मिल रही है। साथ ही पैकेजिंग के स्तर पर प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया जा रहा है।
सरस मेले और सरकारी आयोजनों से मिल रहा बाजार
किसी भी नए कारोबार के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाना और बाजार में पहचान बनाना होता है। नंदिनी को इस दिशा में राज्य सरकार की ओर से आयोजित सरस मेले और अन्य आयोजनों का लाभ मिल रहा है। इन कार्यक्रमों में स्टॉल लगाकर वह अपने साबुनों का प्रदर्शन और बिक्री कर रही हैं।
इन मंचों के जरिए उन्हें नए ग्राहकों से जुड़ने, अपने उत्पादों के प्रति लोगों की प्रतिक्रिया जानने और बाजार की मांग को समझने का अवसर मिल रहा है। इससे उनके कारोबार को आगे बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।
हिमालय की विरासत को कारोबार से जोड़ना चाहती हैं नंदिनी
नंदिनी का उद्देश्य हिमालय की प्राकृतिक संपदा और पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक उद्यमिता से जोड़ना है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमियों को सरकार की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे मंच से उनके जैसे युवाओं को अपने सपनों को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।
नंदिनी की यह पहल महिला उद्यमिता और स्वरोजगार की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण है। पढ़ाई के साथ अपना ब्रांड खड़ा करने की उनकी कोशिश बताती है कि स्थानीय संसाधनों, नए विचारों और मेहनत के दम पर युवा अपने लिए रोजगार के अवसर तैयार कर सकते हैं। ‘Himalayan Twacha’ के जरिए नंदिनी न केवल अपने उत्पादों को पहचान दिलाने में जुटी हैं, बल्कि उत्तराखंड की प्राकृतिक विरासत को भी एक नए अंदाज में सामने ला रही हैं।













