कुकिंग प्रतियोगिता में विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 21,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 11,000 रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 5,100 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शेफ दिवाकर बलोदी, शेफ मनवीर रमोला, शेफ सुनील कुमार लाल और विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने लाइव कुकिंग, मल्टी-क्यूजीन, प्लेटिंग एवं प्रेजेंटेशन, इनोवेटिव रेसिपी और सस्टेनेबल एवं हेल्दी कुकिंग जैसी श्रेणियों में अपने हुनर का प्रदर्शन किया। आकर्षक प्रस्तुति के साथ तैयार किए गए व्यंजनों ने निर्णायकों का ध्यान खींचा।
प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी संस्थानों के अनुभवी और प्रोफेशनल शेफ निर्णायक मंडल में शामिल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के तैयार व्यंजनों का स्वाद, गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण, रचनात्मकता और नवीनता के आधार पर मूल्यांकन किया। कुकिंग प्रतियोगिता में स्कूल ऑफ फार्मेसी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कॉलेज ऑफ नर्सिंग दूसरे और स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर तीसरे स्थान पर रहा।
होटल मैनेजमेंट के डीन डॉ. आशीष ध्यानी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाक कला के साथ-साथ उत्पाद बिक्री, उद्यमशीलता, स्थिरता और जीवन कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपने कौशल को पहचानने और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री की जरूरतों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि क्यूलीनरी चैलेंज विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन के साथ व्यावसायिक अनुभव प्रदान करने का महत्वपूर्ण मंच है। इससे विद्यार्थियों में टीम भावना, रचनात्मक सोच और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के अनुरूप कौशल विकसित करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम का दूसरा आकर्षण सूफी संगीत रहा। साहिल हुसैन, फैजल हुसैन और उनकी टीम ने दमादम मस्त कलंदर, छाप तिलक, दाता हजवेरी, गौस पीर ने मेरे बख्त संवारे और नित खैर मंगा सौंण्या मैं तेरी दुआ ना कोई होर मंगदी जैसे सूफी कलाम प्रस्तुत किए। उनकी रूहानी आवाजों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित अतिथियों ने सूफी संगीत की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम में शेफ दिवाकर बलोदी (डायरेक्टर क्यूजीन एवं फूड एंड बेवरेज मैनेजर, आनंद इन द हिमालयाज), शेफ मनवीर रमोला (एक्जीक्यूटिव शेफ, अन्तारा सीनियर केयर, देहरादून), शेफ सुनील कुमार लाल (सीनियर फैकल्टी, स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट, ग्राफिक एरा डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), प्रोफेसर आरसी पांडे (सेवानिवृत्त प्रिंसिपल, राजकीय होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग संस्थान) और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर विवेक असवाल (विक्की द होटलियर) सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













