देहरादून: महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार को श्री दरबार साहिब पहुंचकर माथा टेका। इस दौरान उन्होंने श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। मुलाकात के दौरान उत्तराखण्ड के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और राज्य से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुरूप भगत सिंह कोश्यारी का स्वागत किया गया। भेंट के दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने उन्हें दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज का स्मृति चिन्ह भेंट किया।
भगत सिंह कोश्यारी ने श्री गुरु राम राय ग्रुप की ओर से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थानों की सेवाएं समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंच रही हैं और शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में इनका महत्वपूर्ण योगदान है।
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना
मुलाकात के दौरान भगत सिंह कोश्यारी ने विशेष रूप से श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की ओर से उत्तराखण्ड की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की। उन्होंने आयुष्मान योजना, गोल्डन कार्ड सहित राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज को जनसेवा के इन प्रयासों के लिए बधाई दी। इस दौरान अस्पताल से जुड़े स्वास्थ्य योजनाओं के लंबित भुगतान का मुद्दा भी सामने आया।
अस्पताल के 128 करोड़ रुपये से अधिक के भुगतान का मामला
जानकारी के अनुसार, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल का विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों के उपचार से संबंधित 128 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान लंबित है। भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि सरकार की ओर से बजट की व्यवस्था की जा रही है और जल्द ही अस्पताल को बकाया राशि का भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने आश्वस्त किया कि लंबित भुगतान से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में एसजीआरआर ग्रुप के प्रयासों का उल्लेख
भगत सिंह कोश्यारी ने श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय और एसजीआरआर एजुकेशन मिशन की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि एसजीआरआर एजुकेशन मिशन लंबे समय से गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।
वहीं, श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि श्री गुरु राम राय ग्रुप का मूल उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्थान जनकल्याण और मानव सेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।











